किन्नौर में आयोजित राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागी मुख्यातिथि के साथ।
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले के रिकांगपिओ में राज्य स्तरीय सीनियर वर्ग की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 70 से अधिक बॉक्सरों ने दमखम दिखाया। इसमें जेएसडब्यू और शिखर बॉक्सिंग केंद्रों की खिलाड़ियों का दबदबा रहा। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर का खिताब अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी स्नेहा के नाम रहा। शिखर केंद्र सांगला की स्नेहा (63), दीपिका (66), विनाक्षी (57), ऋतु (52) ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए जबकि सुजाता (48) ने कांस्य पदक जीता।
शिखर केंद्र निचार की रीतिका (52), मुस्कान (75) ने रजत पदक, शिखर केंद्र सापनी की नव्या (50), ज्ञान कुमारी (75) ने कांस्य पदक और वहीं शिखर केंद्र उरनी की सुनिधि (54) ने भी कांस्य पदक जीते। जेएसडब्ल्यू की शिखर टीम को ओवरआल विजेता की ट्रॉफी से नवाजा गया।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी स्नेहा को सर्वश्रेष्ठ बॉक्सर के पुरस्कार से नवाजा गया। क्षेत्र में बॉक्सिंग खेल को बढ़ावा देने के लिए जेएसडब्ल्यू को बेस्ट प्रोमोटर का सम्मान दिया गया। प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है।