आनी(कुल्लू)। निरमंड खंड की ऐतिहासिक श्रीखंड यात्रा के दौरान पार्वती बाग से लेकर श्रीखंड महादेव तक दर्शन करने की शनिवार से अनुमति मिलने के बाद सातवें दिन रविवार को श्रद्धालुओं में जोश दिखा। सुबह से लेकर शाम तक काफी संख्या में देश के कोने कोने से आए श्रद्धालुओं ने अपना पंजीकरण करवाया। श्रीखंड महादेव यात्रा के सातवें दिन 373 पुरुषों और 17 महिलाओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण करवाया। पिछले दिनों श्रीखंड यात्रा पर गए श्रद्धालु सकुशल हर-हर महादेव के नारे लगाते हुए वापस पहुंचे गए। गौरतलब है कि पार्वती बाग से आगे की यात्रा बाधित होने के बाद शनिवार को श्रीखंड जाने को प्रशासन ने दी हरी झंडी दे दी है। पार्वती बाग से आगे जाने के लिए प्रशासन ने यात्रा बहाल कर दी है। अब श्रीखंड यात्रा पर जाने वाले शिवभक्त महादेव के शिवलिंग तक पहुंच पाएंगे और दर्शन कर सकेंगे। वहीं प्रशासन ने नैन सरोवर से श्रीखंड जाने वाले शॉर्ट कट मार्ग पर जाने से पूरी तरह मनाही की है। यात्रा के दौरान रविवार को मौसम साफ होने पर श्रद्धालुओं में काफी जोश था।
उधर, श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम आनी चेत सिंह ने कहा कि श्रीखंड महादेव यात्रा के सातवें दिन काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंजीकरण किया। श्रीखंड के रास्ते में कुछ स्थानों पर फिसलन से खतरे की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने यात्रियों को पानी की बोतल, टॉर्च, दवा, फल, छाता, रेनकोट आदि ले जाने की अपील की है।