रामपुर बाजार में दीपावली पर्व को लेकर खरीदारी करते लोग।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। इस वक्त भले ही देश और विदेशों में कोरोना संक्रमण ने कहर बरपाया हो, लेकिन संक्रमण के हॉट स्पॉट बने रामपुर उपमंडल में लोग दिवाली की खुशियां मना रहे हैं। शुक्रवार को दिवाली से एक दिन पहले रामपुर बाजार में हजारों लोग खरीदारी करने पहुंचे। लोगों में दूर-दूर तक कोरोना संक्रमण का खतरा नजर नहीं आया।
धनतेरस और दिवाली को लेकर रामपुर बाजार में लोगों ने जमकर खरीदारी की।
चार जिलों के प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर में शुक्रवार को त्योहार के चलते जन सैलाब उमड़ पड़ा। मुख्य शहर सहित गली-मोहल्लों में लोगों की खूब भीड़ देखने को मिली। लोगों ने बर्तन, आभूषण, मिठाइयां, पटाखे और अन्य सामानों की जमकर खरीदारी की। शहर में कोरोना संक्रमण का जरा सा भी डर लोगों में नहीं दिखा।
जगह-जगह सोशल डिस्टेंसिंग की खूब धज्जियां उड़ती देखी गई। हालांकि बीते दिनों के अलावा शुक्रवार को हजारों की संख्या में लोग रामपुर शहर पहुंचे और खरीदारी की। दुकानदारों के व्यापार में भी काफी उछाल देखने को मिला। भले ही इस वर्ष कोरोना संक्रमण के कारण व्यापार प्रभावित हुआ हो लेकिन दिवाली से पूर्व दुकानदारों ने कुछ हद तक तो फायदा पाया है।
खरीदारी करने आए अनिल नेगी, सविता शर्मा, मैना देवी, विमला देवी, राहुल, यशवंत शर्मा ने कहा कि दिवाली को लेकर उन्होंने खरीदारी की है। वे हर वर्ष दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाते हैं।