भावागनर (किन्नौर)। व्यापार मंडल भावानगर के तुगलकी फरमान के कारण महीने के प्रत्येक रविवार को भावानगर में दुकानें बंद रहेंगी। व्यापार मंडल के तहत आने वाली सभी दुकानें जिसमें रोजमर्रा की वस्तुओं की दुकानों के साथ-साथ दूध, दही, ब्रेड और सब्जी की दुकानें भी पूरी तरह से बंद रहेंगी। इतना ही नहीं, अखबार की दुकानें भी बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जहां सरकार ने कर्फ्यू के हालात में भी सभी दुकानों को तय समय सीमा में खोलने की इजाजत दी थी, वहीं व्यापार मंडल भावानगर ने सभी दुकानों को बंद करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से दुकानों पर लगाई गई सभी बंदिशों को चरणबद्ध तरीके से खत्म कर दिया गया है, लेकिन भावानगर व्यापार मंडल ने प्रत्येक रविवार बाजार बंद करने का फरमान जारी कर दिया गया है। इस फरमान के बाद सब्जी विक्रेता, दूध, दही और अखबार का कार्य करने वाले दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इन दिनों बरसात का मौसम होने के कारण सामान जल्दी खराब हो जाता है और एक दिन दुकान बंद होने से सभी दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ेगा। इस विषय में सभी दुकानदारों का कहना है कि व्यापार मंडल का गठन व्यापारियों की दिक्कतें दूर करने के लिए किया जाता है न कि व्यापारियों को परेशान करने के लिए। व्यापार मंडल के इस फरमान ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।
उधर, व्यापार मंडल भावानगर के सचिव कुलदीप मेहता ने बताया कि पिछले दिनों आम सभा का आयोजन किया गया था, जिसमें कुछ व्यापारियों की ओर से प्रत्येक रविवार को संपूर्ण बाजार बंद रखने का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि, व्यापार मंडल कार्यकारिणी इससे सहमत नहीं थी, लेकिन आमसभा में प्रस्ताव पारित होने के कारण इस प्रस्ताव को लागू करना व्यापार मंडल की मजबूरी है। फिर भी यदि किसी व्यापारी की इस विषय को लेकर लिखित शिकायत आती है तो उस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। फिलहाल बाजार पूरी तरह से बंद ही रहेगा।