चंडीगढ़ में खेला गया फाइनल, शिमला की कशिश ने खेली नाबाद 52 रन की पारी
शिमला की टीम ने लगातार तीसरी बार जीता खिताब
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ की ओर से एक दिवसीय अंतर जिला महिला क्रिकेट प्रतियोगिता महाजन क्रिकेट मैदान चंडीगढ़ में हुई। फाइनल मैच शिमला और कुल्लू के बीच खेला गया। इसमें शिमला ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले खेलते हुए 50 ओवर के खेल में कुल्लू की टीम 37.4 ओवर में मात्र 101 रन पर सिमट गई। इसमें कशिश वर्मा चार और नेहा कायथ तीन विकेट चटकाए। कुल्लू की ओर से अर्चना ठाकुर ने 35 रन बनाए। इसके बाद शिमला की टीम ने कशिश वर्मा के नाबाद 52 रन और देवांशी वर्मा के 51 रनों की मदद से लक्ष्य को 22.1 ओवर में एक विकेट खोकर प्राप्त कर लिया। शिमला जिला क्रिकेट संघ की महिला टीम ने यह प्रतियोगिता कप्तान सुषमा वर्मा की कप्तानी में लगातार तीसरे वर्ष जीती है।
शिमला जिला क्रिकेट संघ के प्रधान सुरेंद्र ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और खिलाड़ियों को इनाम बांटे। विजेता टीम को 75 हजार और ट्रॉफी दी गई। रनरअप टीम को 50 हजार रुपये के साथ में ट्रॉफी दी गई। प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज शिमला की कशिश वर्मा रहीं। पूरी प्रतियोगिता में शिमला का दबदबा रह। इस अवसर पर सुरेंद्र ठाकुर ने शिमला की सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और साथ ही शिमला जिला क्रिकेट संघ की तरफ से विजेता टीम शिमला को 30 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।