धनैश्वरी माता और रखाऊ नाग मंदिर की होगी प्राण-प्रतिष्ठा
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर क्षेत्र के धनाह स्थित धनैश्वरी माता एवं रखाऊ नाग मंदिर में 12 से 18 नवंबर तक सात दिवसीय देवी भागवत कथा और प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा।
धनैश्वरी माता मंदिर समिति के तत्वावधान में होने वाले धार्मिक आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। इसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम का शुभारंभ 12 नवंबर को आचार्य स्वागत, मंडप स्थापना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा। 13 नवंबर को सुबह 8:00 बजे जल यात्रा, मंडप पूजन, देवी भागवत कथा, भंडारा, संध्याकालीन आरती और भजन-कीर्तन होंगे। 14 से 16 नवंबर तक वैदिक विधि-विधान से नियमित पूजन और देवी भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। 17 नवंबर को जारजी और देवी-देवताओं का भव्य स्वागत होगा। 18 नवंबर को शिखा पूजन, कलश स्थापना और पूर्णाहुति के बाद देवी-देवताओं एवं जारजी की विदाई के साथ समारोह संपन्न होगा।
मंदिर के पूर्व कारदार चांद शर्मा और ग्रामीण सुशील धनाटा के अनुसार, मंदिर में इससे पहले वर्ष 2016 में प्राण-प्रतिष्ठा हुई थी। इस बार धार्मिक आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। इसमें नित्थर क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से समारोह में शामिल होकर माता धनैश्वरी और नाग रखाऊ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।