रामपुर स्कूल में आयोजित भाषण प्रतियोगिता की विजेता गीतांशी को पुरस्कृत करते मुख्यातिथि।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला रामपुर ने सोमवार को छात्र स्कूल रामपुर में स्वामी विवेकानंद भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में भाजपा मंडल अध्यक्ष भीमसेन ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं इस दौरान कार्यक्रम अध्यक्ष विनय शर्मा और प्रांत संगठन मंत्री कौल नेगी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस उपकेंद्र स्तर प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों से आए कुल 44 विद्यार्थियों ने भाग लिया और स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को सभी के मध्य सांझा किया। यह प्रतियोगिता दो सत्रों में संपन्न हुई।
महाविद्यालय स्तर की भाषण प्रतियोगिता में गीतांशी ने प्रथम, अंजना ठाकुर द्वितीय और रंजू शर्मा तीसरे स्थान पर रही। वहीं पांच छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। स्कूल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में गीतांश प्रथम, शीतल ठाकुर द्वितीय और वंशिका ने तृतीय स्थान पर बाजी मारी। इसके अलावा इस वर्ग में भी पांच अन्य छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 11 हजार, द्वितीय को 7100 रुपये और तृतीय स्थान पर रहे विजेता को 5100 रुपये के पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं एबीवीपी द्वारा अक्तूबर 2019 में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में जिला में प्रथम स्थान पर अंशिता, द्वितीय संजीत कुमार और तृतीय स्थान पर निशांत रहे। इसके अलावा जिला के अन्य छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार और सभी स्कूल स्तर पर प्रथम आए छात्र-छात्राओं को मुख्यातिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता प्रथम स्थान पर रहे मेधावी को पांच हजार, द्वितीय को तीन हजार और तृतीय रहे मेधावी को दो हजार के नकद पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं सांत्वना पुरस्कार के रूप में स्मृति चिन्ह और पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर उप केंद्र संयोजक सुंदर भगत नेगी, जिला प्रमुख कैप्टन संदीप ठाकुर, नगर उपाध्यक्ष सिकंदर बंसल, नगर सहमंत्री विकास चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।