बाहली स्कूल में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता जीत के बाद खुशी जताते हुए।
- फोटो : RAMPUR-HP
तकलेच (रामपुर बुशहर)। बाहली में रामपुर प्राथमिक शिक्षा खंड की अंडर-12 आयु वर्ग की खेल प्रतियोगिता में दत्तनगर स्कूल ने ओवरऑल चैंपियन के खिताब पर अपना कब्जा जमाया। वहीं दत्तनगर के सुनील और मुनिश बाहली की संजना को बेस्ट एथलीट के खिताब से नवाजा गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में नरैण पंचायत प्रधान एवं निदेशक हिमफेड नरेश चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
केंद्र प्राथमिक पाठशाला बाहली में आयोजित तीन दिवसीय 26वीं खंड स्तरीय प्रारंभिक पाठशाला खेलकूद स्पर्धा में 10 जोन से पहुंचे 322 खिलाड़ियों ने खूब दमखम दिखाया। छात्र वर्ग की कबड्डी स्पर्धा में दत्तनगर स्कूल ने बाजी मारी। वहीं तकलेच स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। वॉलीबाल में तकलेच ने पहला और दत्तनगर ने दूसरा स्थान झटका। इसके अलावा छात्रा वर्ग में कुखी ने पहला और दत्तनगर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। छात्र वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में दत्तनगर ने पहला और तकलेच ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में दत्तनगर प्रथम और देवठी द्वितीय स्थान पर रहा। बैडमिंटन में तकलेच ने पहला और डंसा ने दूसरा, छात्रा वर्ग में कुखी पहले और बाहली दूसरे स्थान पर रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के एकल गान, समूह गान और लोकनृत्य में तकलेच स्कूल ने पहले स्थान पर कब्जा जमाया। शतरंज में रामपुर की भवनीत और दरकाली की करीना ने बाजी मारी। अंत में मुख्य अतिथि ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्राथमिक क्रीड़ा संघ और स्कूल प्रबंधन को 5-5 हजार रुपये की राशि भेंट स्वरूप दी।
इस अवसर पर खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी शशिबाला नेगी, बीआरसी रामपुर रविंद्र मेहता, खेल प्रभारी केवल राम गुप्ता, कार्यकारी प्रधानाचार्य सत्यप्रकाश कनैन, प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महासचिव ललित बदरेल, कोषाध्यक्ष हेमंत राणा, पूर्व पीटीएफ प्रधान वीरेंद्र नेगी, उप प्रधान ग्राम पंचायत नरैण अविनाश कायथ, राजा राम देष्टा, जवाहर मेहता और कमलेश शर्मा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।