सेब सीजन में छह गांव के लोगों के लिए बढ़ी मुश्किलें संवाद न्यूज एजेंसी ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। दुर्गम क्षेत्र सरपारा पंचायत को उपमंडल से जोड़ने वाली समेज-सरपारा सड़क बारिश होने से अब पूरी तरह धंस गई है। इससे पंचायत के छह गांवों का उपमंडल से संपर्क दोबारा कट गया है। 17 दिनों से इस सड़क पर भूस्खलन से समस्या बरकरार थी। रविवार को लोक निर्माण विभाग ने छोटे वाहनों के सड़क को बहाल कर दिया था, लेकिन रविवार रात से बारिश होने के बाद अब सड़क पूरी तरह धंस गई है। इससे हजारों ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं, सरपारा क्षेत्र में सेब सीजन शुरू होने वाला है। सड़क के पूरी तरह धंसने से बागवानों की भी चिंता बढ़ गई है। अब लोक निर्माण विभाग के पास सड़क को बहाल करने के लिए एक ऊंची और पक्की दीवार लगाने के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं है। इस काम को समय लग सकता है, क्योंकि सड़क के ऊपर की ओर किसी का निजी मकान है। ऐसे में पहाड़ी की कटिंग करना भी संभव नहीं है। अब एंबुलेंस सहित सभी छोटे वाहनों के लिए भी सड़क बंद हो गई है, जिससे ग्रामीणों को अस्पताल, काॅलेज, सरकारी दफ्तर के कामकाज और रोजमर्रा के सामान के लिए रामपुर आने के लिए भारी दिक्कतों को सामना करना पड़ेगा। वहीं, बागवानों को भी सेब मंडियों तक पहुंचने में दिक्कतें झेलनी पड़ेंगी। पंचायत प्रधान मोहन कपाटिया ने बताया सड़क बंद होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई किलोमीटर का सफर पैदल करना पड़ेगा। लोगों को बस और अन्य छोटी गाड़ियों में ज्यादा किराया दे कर उपचार और दूसरे जरूरी कामों के लिए रामपुर आना-जाना पड़ रहा था, लेकिन अब सड़क पूरी तरह धंस गई है और छोटे वाहनों के लिए भी सड़क बंद हो गई । उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क को जल्द बहाल करने की मांग की है। लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया विभाग ने सड़क खोलने के लिए मशीन भेज दी है। नीचे से काफी बड़ी दीवार लगानी पड़ेगी। पहाड़ी के ऊपर की ओर घर है। उस घर का मालिक कटिंग नहीं करने दे रहा है।
सड़क बंद होने की जानकारी डीसी शिमला को दे दी है। दीवार के लिए 20 लाख की राशि देने का आग्रह किया ताकि दीवार का लगाने का कार्य जल्द शुरू हो सके और क्षेत्र से लोगों का सेब मंडियों में ले जाने और क्षेत्र में जल्द सड़क सुविधा से जोड़ा जाए। - हर्ष अमरेंद्र सिंह, एसडीएम रामपुर
सरपारा संपर्क मार्ग धंसने स मार्ग हुआ अवरूद्ध। संवाद