खुले में कचरा फेंका तो नहीं मिलेंगी पंचायत की सुविधाएं
नेरवा पंचायत का फैसला, हर वार्ड में कचरा प्रबंधन के लिए बनेेंगे गड्ढे
नेरवा व्यापारमंडल ने पंचायत की कवायद का किया स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा। ग्राम पंचायत नेरवा और बाजार में कचरा फैलाने वालों पर पंचायत की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। कचरा फैलाने वाले को पंचायत की ओर से मिलने वाली हर सुविधा को बंद किया जाएगा। पंचायत की ओर से नेरवा को स्वच्छ रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। पंचायत अब हर वार्ड में कचरा प्रबंधन के लिए गड्ढों का निर्माण करेगी।
मौजूदा समय में ग्राम पंचायत नेरवा और बाजार के तहत करीब पांच हजार आबादी आती है। क्षेत्र में अभी तक दो ही स्थान ऐसे थे जहां पर लोग कचरा डंप कर रहे थे। वहीं कुछ लोग शाल्वी नदी में कचरा ठिकाने लगा रहे थे। इसी के चलते अब स्थानीय पंचायत ने इस संबंध में यह फैसला लिया है। नेरवा पंचायत के प्रधान आत्मा राम के अनुसार शाल्वी नदी से कुछ दूरी पर दो पिट्स बनाए गए हैं, जिसमें एक पुराना अस्पताल के नजदीक और एक का निर्माण महामाया डुंडी मंदिर से समीप बनाया गया है। ऐसे मेें लोगों को कचरा निधार्रित दो स्थानों पर बने गड्ढों में ही ठिकाने लगाना होता था। लेकिन अब हर वार्ड में यह व्यवस्था जल्द ही लोगों को मिलेगी। फिर भी यदि कोई भी व्यक्ति कूड़ा खुले में फेंकता पाया गया तो उनके खिलाफ पंचायत की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इलाके के लोगों से सहयोग की अपील की है। वहीं व्यापारमंडल नेरवा के प्रधान राजीव भिखटा, उपप्रधान दिनेश अमरेट, सचिव रमेश कांटा, कोषाध्यक्ष अमन सूद, पूर्ण चंद पाल, पूर्ण चंद सूद और पवन गुप्ता ने पंचायत की इस कवायद का स्वागत किया है। उनके अनुसार अगर ऐसी कवायद होती है तो इससे स्वच्छता अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा।