पीजी कॉलेज रामपुर में समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन करती एसएफआई
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर में छात्रों की लंबित समस्याओं को लेकर शुक्रवार को एसएफआई नेे विरोध प्रदर्शन किया। इकाई ने 24 घंटे की हड़ताल का एलान किया और कार्यकर्ता धरने पर बैठे। इकाई का आरोप है कि बार-बार समस्याएं उठाई जाती हैं, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने इस संबंध में अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है।
शुक्रवार को धरने को संबोधित करते हुए इकाई अध्यक्ष राजीव ने कहा कि एसएफआई की ओर से 15 जुलाई को भी कॉलेज की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया और इससे पूर्व भी कई बार कॉलेज की समस्याओं को उठाया जा चुका है। इकाई ने छात्र संघ चुनाव बहाल करने, कॉलेज में बस पास काउंटर खोलने, एटीएम की सुविधा प्रदान करने और विज्ञान विभाग की प्रयोगशाला में नए उपकरण की सुविधा मुहैया करवाने की पुरजोर मांग फिर से उठाई है।
वहीं इकाई ने कहा कि रामपुर कॉलेज में 4800 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और मात्र 48 प्राध्यापक सेवाएं दे रहे हैं। उपाध्यक्ष नेहा ने कहा कि छात्र संघ चुनाव बहाल न होना सरकार की नाकामी दर्शा रहा है। कॉलेज में 70 प्रतिशत लड़कियां अध्ययनरत हैं और कॉलेज में गर्ल्स कॉमन रूम ही नहीं है। वहीं इस मौके पर पूनम, मोहित, राजीव, साहिल, रोहित, अमन, नेहा, नरेशा, अंकिता, पूनम, स्वीटी, रजनी, प्रियंका, सुरुचि और शैला सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।