रूपी पंचायत के ग्रामीणों ने खाद्य आपूर्ति विभाग से की उचित कार्रवाई की मांग
शिगारचा में 950 रुपये और हुरवा, डुबलिंग में उपभोक्ताओं से वसूले एक हजार
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर की रूपी पंचायत में गैस उपभोक्ताओं को तय रेट से अधिक रेट पर सिलिंडर दिए जा रहे हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग से उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग को जांच के निर्देश दिए हैं। सोमवार को जिला खाद्य आपूर्ति निरीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करेंगे। गौर हो कि गैस आपूर्ति के लगातार बढ़ रहे दामों से जहां पहले ही उपभोक्ता चिंतित हैं, वहीं अब खाद्य आपूर्ति विभाग की गैस सप्लाई भी उपभोक्ताओं के लिए परेशानियों का सबब बनी हुई है।
शनिवार को किन्नौर जिले की दुर्गम रूपी पंचायत में गैस आपूर्ति के लिए गाड़ी पहुंची। रूपी पंचायत के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने प्रति सिलिंडर 918 रुपये दाम निर्धारित किए हैं, लेकिन शनिवार को सिलिंडर की सप्लाई लेकर पहुंचे ठेकेदार ने ग्रामीणों से सिलिंडर के मनमाने पैसे काट लिए। ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार ने रूपी पंचायत के शिगारचा गांव में 950 रुपये, जबकि हुरवा और डबलिंग गांव में प्रति सिलिंडर एक हजार रुपये वसूले हैं। यही नहीं यहां से करीब चार किलोमीटर दूर मझगांव में जाकर यही सिलिंडर उपभोक्ताओं को 918 रुपये में दिए गए। ऐसे में ग्रामीणों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है। गैस उपभोक्ता बबिता, करीमा, डुलु देवी, यशमति, रमेश, पंकज, पदम देवी, पप्पू, बीरबल, संजीव, विनोद, पुरषोतम सहित अन्य ग्रामाीणों ने कहा कि गैस सिलिंडर के निर्धारित दामों को दरकिनार कर मनमाने रेट वसूलना गैर कानूनी है। उन्होंने नियमों की अवहेलना करने वाले ठेकेदार पर उचित कार्रवाई की मांग की है।
उपभोक्ताओं से सिलिंडर के तय दामों से अधिक दाम वसूलने की शिकायत मिली है। जिला प्रशासन ने इस बारे अधिसूचित किया है। सोमवार को मौके पर जाकर वह स्वयं जांच करेंगे। यदि कोई कोताही पाई गई तो दोषी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- सीएल नेगी, निरीक्षक, जिला खाद्य आपूर्ति