रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के झाकड़ी में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-12 खेलकूद प्रतियोगिता के मार्चपास्ट में रोहड़ू जोन ने बाजी मारी। स्पर्धा में 21 जोन के करीब 1500 खिलाड़ी दमखम दिखा रहे हैं। मंगलवार को अंडर 12 आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं की जिला स्तरीय 27वीं खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
यह प्रतियोगिता आठ अक्तूबर तक शिक्षा खंड सराहन बुशहर के तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झाकड़ी में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष शिमला चंद्रप्रभा नेगी ने किया। इसमें जिला शिमला के 21 शिक्षा खंडों के करीब 1,500 खिलाड़ी कबड्डी, वालीबॉल, बैडमिंटन, खो-खो, एथलेटिक्स, चेस, एकल गान, समूहगान, भाषण, एकांकी और लोकनृत्य में प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यातिथि ने खेल संघ का झंडा फहराकर 21 खंडों के खिलाड़ियों से मार्चपास्ट की सलामी ली। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आग्रह करते हुए शुभकामनाएं दीं। मार्चपास्ट में शिक्षा खंड रोहडू़ के प्रथम आने पर ट्रॉफी से नवाजा। वहीं स्थानीय शिक्षा खंड सराहन को खेलकूद स्पर्धा में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निजी निधि से 20,000 की राशि प्रदान की।
इस मौके पर खेल प्रभारी शिमला जगदीश चौहान, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी केवल राम गुप्ता, बीईईओ हेमलता जोधटा, बीईईओ राज्य पीटीएफ अध्यक्ष जगदीश शर्मा, जिला शिमला पीटीएफ अध्यक्ष प्रमोद चौहान और महासचिव चंद्रमोहन सहित अन्य मौजूद रहे।