रोगी कल्याण समिति ननखड़ी की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा
मरीजों की विभिन्न सुविधाओं के लिए खर्च होंगे सवा लाख
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाए रोगी कल्याण समिति : नंदलाल
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। ननखड़ी अस्पताल में रोगी कल्याण समिति मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाए। अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने के लिए विभिन्न उपकरणों और मशीनों की खरीद होगी। मरीजों की विभिन्न सुविधाओं के लिए करीब सवा लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। यह बात शनिवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक में सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंदलाल ने कही।
शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ननखड़ी की रोगी कल्याण समिति की बैठक सर्किट हाउस रामपुर में हुई। बैठक की अध्यक्षता रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने की। बैठक में राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं विधायक नंदलाल विशेष तौर पर उपस्थित रहे। नंदलाल ने रोगी कल्याण समिति ननखड़ी से कहा कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि उन्हें रामपुर अस्पताल जाने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के भोजन का उचित प्रबंध सुनिश्चित करने और इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए अस्पताल के आय-व्यय की समीक्षा की गई। इस वित्तीय वर्ष में एक अप्रैल 2025 से अब तक किए गए व्यय 1,17, 895 रुपये की पूर्वव्यापी मंजूरी दी गई। स्वीकृत व्यय में सफाई और कपड़ों की धुलाई, कार्यालय खर्च, जनरेटर के लिए डीजल, सफाई कार्य, बिजली और पाइप लाइन मरम्मत, सामान्य और बढ़ई कार्य, लाइसेंस/निरीक्षण शुल्क, आपातकालीन औषधि, प्रयोगशाला के लिए रसायन एवं उपकरण और आपातकालीन खर्च शामिल हैं।
बैठक में कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ननखड़ी की रोगी कल्याण समिति ने इस वित्तीय वर्ष में कुल 10,28,740 रुपये आय अर्जित की है, जिसमें सरकार की ओर से प्रदान किया गया अनुदान और अस्पताल की ओर से अर्जित आय शामिल है। वर्तमान में समिति के पास कुल 14,01,100 रुपये की शेष राशि उपलब्ध है।
इसके अतिरिक्त बैठक में नए चिकित्सा उपकरणों की खरीदारी पर निर्णय लिया गया। इनमें दंत चिकित्सा कुर्सी, हृदय मॉनिटर, रक्त विश्लेषक, स्ट्रेचर, व्हीलचेयर, जल शुद्धिकरण यंत्र, रक्तचाप उपकरण, सूक्ष्म उपकरण और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। अस्पताल की छत और विभिन्न स्थानों पर होने वाले रिसाव एवं अन्य मरम्मत कार्यों के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। रोगी कल्याण समिति का यह प्रयास है कि अस्पताल में रोगियों, स्टाफ दोनों के लिए सुविधाएं और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। ये सभी कार्य उच्च गुणवत्ता की देखभाल प्रदान करने और अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।
बैठक में खंड विकास अधिकारी ननखड़ी कार्तिकेय डोगरा, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश राणा, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुलता शर्मा और राजीव ठाकुर उपस्थित रहे।