ठियोग में रेहड़ी-फड़ी धारकों पर कार्रवाई करती संयुक्त टीम।
. पेट्रोल पंप से प्रेम घाट तक हटाई रेहड़ी-फड़ियां, कई दुकानदारों का सामान किया जब्त
. राहगीरों को हो रही परेशानी पर प्रशासन ने कसा शिकंजा
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग उत्सव के दौरान शहर में बढ़ती भीड़ और सड़क के किनारे लगाई गईं रेहड़ी-फड़ियों के कारण पैदा हो रही यातायात समस्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार वरुण गुलाटी की अगुवाई में स्थानीय प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम ने पेट्रोल पंप से लेकर प्रेमघाट तक सड़क के किनारे लगीं रेहड़ी-फड़ियों को हटाया। ठियोग उत्सव के चलते बड़ी संख्या में तहबाजारी और फड़ी संचालक शहर में पहुंचे हैं। करीब 200 दुकानें सड़क के किनारे सजाई गई थीं। सड़क के हिस्से पर सामान फैलाकर दुकानें लगाए जाने के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर सड़क और फुटपाथ का बड़ा हिस्सा रेहड़ी-फड़ी वालों के कब्जे में आने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। प्रशासन की टीम ने सड़क पर लगाए गए सामान को हटाया। कुछ रेहड़ी-फड़ी वालों का सामान भी जब्त किया गया। वहीं, दुकानों के आगे सड़क और रास्ते पर सजाए गए अतिरिक्त सामान को भी तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक रास्तों और सड़क पर इस तरह सामान लगाकर लोगों की आवाजाही बाधित नहीं की जा सकती है। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अजय गाजटा, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी वरुण शर्मा सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
कार्रवाई के बावजूद दोबारा सज जाती हैं दुकानें
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में सड़क किनारे होने वाली तहबाजारी और अतिक्रमण की समस्या नई नहीं है। प्रशासन की ओर से कार्रवाई किए जाने के बावजूद कुछ रेहड़ी-फड़ी संचालक दोबारा उसी स्थान पर दुकानें सजा लेते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल अभियान चलाने के बजाय नियमित निगरानी की जाए। स्थानीय लोगों के अनुसार पेट्रोल पंप से प्रेमघाट तक का हिस्सा सबसे अधिक प्रभावित है, जहां उत्सव के दौरान रेहड़ी-फड़ियों की संख्या बढ़ने से आवाजाही मुश्किल हो जाती है। लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए भविष्य में भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाने की मांग उठाई है।