रोहड़ू-चिड़गांव सड़क के उन्नयन पर 20 करोड़ किए जा रहे खर्च
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 1500 किमी सड़कों को मंजूरी
रोहड़ू में पार्किंग और सौंदर्यीकरण परियोजनाएं तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण के कार्य तेज किए जा रहे हैं। यह बात लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले के समापन समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों में आई प्राकृतिक आपदाओं के कारण प्रदेश की सड़कों को भारी नुकसान हुआ है। उनके पुनर्निर्माण और सुधार के प्रयास तेजी से जारी हैं। साथ ही बागवानों और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए भी सरकार विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है। मंत्री ने बताया कि रोहड़ू-चिड़गांव सड़क के उन्नयन पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा दुर्गम क्षेत्र डोडरा-क्वार के अंतिम गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के प्रयास भी जारी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में लगभग 1500 किलोमीटर सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। इस पर करीब 2300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें रोहड़ू क्षेत्र की 22 सड़कें शामिल हैं, जिन पर लगभग 300 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि ब्रांदली से सुंगरी तक सड़क को पक्का किया जा रहा है, जबकि सुंगरी से रोहड़ू सड़क के उन्नयन के लिए विशेष पैकेज स्वीकृत करवाने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने बताया कि रोहड़ू में सौंदर्यीकरण, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं। साथ ही क्षेत्र में हाइड्रोलिक पार्किंग स्थापित करने की योजना भी बनाई जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।