लोक निर्माण विभाग ने तेज किया सड़क का कार्य
टारिंग और मेटलिंग पूरी होने से लोगों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
चिड़गांव (रोहड़ू)। दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार में सड़क सुविधा को बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने कार्य तेज कर दिया है। लड़ोट से क्वार तक सड़क पर टारिंग और मेटलिंग का कार्य किया जा रहा है। विभाग ने इस कार्य को नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। सड़क सुधार कार्य पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। डोडरा क्वार की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं। पहाड़ी और घुमावदार रास्तों के कारण यहां लोगों को आवागमन के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क की स्थिति खराब होने से वाहन चालकों को भी दिक्कतें पेश आती हैं। ऐसे में लड़ोट से क्वार तक सड़क की हालत सुधरने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ रवि कशवाल ने बताया कि लड़ोट से क्वार तक सड़क पर टारिंग और मेटलिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। विभाग की ओर से इसे नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल सड़क पर मेटलिंग का कार्य जारी है। निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के लिए विभाग की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।