चौपाल(रोहडू)। उपमंडल चौपाल को जोड़ने वाली चौपाल-देवत-कुंबड़ा सड़क गड्ढों और कीचड़ में तबदील हो चुकी है। इस मार्ग पर न कोई कलवट है और न ही निकासी नालियां बनाई गई हैं।
सड़क पर नालों का पानी बह रहा है। विभाग ने ठेकेदार को फायदा देने के लिए अनावश्यक जगह पर दीवारें व कलवट लगाए पर किसी भी कलवट में पानी नहीं जा रहा है। कई जगह लोगों के मकानों को और बगीचों को खतरा पैदा हो गया है।
पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, स्थानीय निवासी सोहन तालटा, भवानी चांस्टा, नितिन कुमार, दिनेश तालटा आदि ने कहा कि इस मार्ग पर बस भी हिचकोले मारती चलती है। मार्ग पर विभाग ने मिट्टी डालकर गड्ढे भरे हैं वहां पर अब नालियां बन गई हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि मार्ग को तुरंत सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश जारी करें।
कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग जेएस पाठक ने कहा कि इस मार्ग को पक्का करने का टेंडर हो चुका है। विभाग की ओर से जल्दी ही मार्ग को पक्का किया जाएगा।