ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल की रतनपुर-शाह-दोफदा सड़क पर करीब नौ करोड़ से की गई टारिंग एक माह में ही जवाब दे गई। सड़क की खस्ता हालत होने से बागवान काफी परेशान हैं। सड़क को दुरुस्त करने के लिए सरकार से करीब नौ करोड़ का टेंडर होने के बावजूद सड़क की स्थिति बदतर होती जा रही है। लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में रोष है।
गौरतलब है कि इस मार्ग पर बीते माह की गई टारिंग जगह-जगह से उखड़ चुकी है। क्षेत्र के बागवान और ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क का इतना बुरा हाल है कि सेब से लदी गाड़ियों का चलना खतरे से खाली नहीं है। सड़क पर पड़े गड्ढे और दलदल के कारण लोड ट्रक बुरी तरह फंस रहे हैं। बावजूद इसके रामपुर लोक निर्माण विभाग की नींद नहीं खुल रही है। मार्ग पर न कोई डंगे, न पैरापिट और न ही जल निकासी की कोई व्यवस्था की गई है। इसके चलते सड़क की दशा और बिगड़ रही है।
ग्राम सुधार कमेटी शाह के सदस्य विजय सिंह कड्डा, गोवर्धन दास, जरी राम, जिया लाल, मदन लाल, राजन कड्डा, महिला मंडल शाह की सदस्य पुष्पा लोटू, श्यामा देवी, पुष्पा टेक्टा, सीता कड्डा, शिक्षा जिष्टु, रजनी देवी, तारा युवक मंडल शाह के सदस्य अनिल चौहान, विक्की वर्मा, मान सिंह, शिव लाल, राजन, अंकुश, दीपक भंडारी, राजीव, सुरेश, दिनेश, विजय रोल्टा, परीक्षित, साहिल, अजय, रोहित, सोनू, प्रवीण, उदय, सुरजीत, अविनाश, सुशील और सुशांत जिष्टू का कहना है कि सड़क को पक्का और चौड़ा करवाने के लिए करीब 9 करोड़ की राशि सरकार की ओर से स्वीकृत की गई है। करोड़ों के टेंडर के बावजूद सड़क की दशा दयनीय बनी हुई है। जहां टारिंग की गई है, वह भी एक माह में ही उखड़ गई है। इलाके की करीब एक लाख सेब की पेटियां इसी मार्ग से विभिन्न मंडियों में पहुंचती हैं। ऐसे में सड़क की दुर्दशा सुधारने के लिए सरकार विभाग को निर्देश दे। यदि विभाग सड़क को जल्द दुरुस्त नहीं करेगा और टारिंग कार्य की गुणवत्ता नहीं जांचेगा तो ग्रामीण मजबूरन सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। लोक निर्माण विभाग रामपुर के एसडीओ चंद्र कश्मीरी ने बताया कि करीब सौ मीटर सड़क में दलदल है, वहां टारिंग नहीं की गई है। दलदल को ठीक करने के लिए सोलिंग कर मार्ग को दुरुस्त करवाया जाएगा।