भावानगर (किन्नौर)। जिले की भावावैली के 14 गांवों को जोड़ने वाले काफनू-वांगतू संपर्क मार्ग पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है। करीब 20 किलोमीटर लंबे मार्ग पर इस कदर गड्ढे पड़े हैं कि इस पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी सड़क की सुध नहीं ले रहा है। सरकार के बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
वांगतू से लेकर काफनू तक सड़क की खस्ता हालत सुधरने के बजाय दिन प्रति दिन खराब हो रही है। लोक निर्माण विभाग हादसे को न्योता दे रहे गड्ढों में मिट्टी भर कर कभी कभार रस्म अदायगी की जाती है। गौरतलब है कि भावावैली में अगस्त के आखिरी सप्ताह में सेब सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने मार्ग की दशा सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। सड़क पर वांगतू पुल को क्रॉस करते ही यहां आने वाले लोगों का गड्ढों से स्वागत होता है। वांगतू से लेकर शेरपा कॉलोनी तक तो सड़क की हालत इस कदर खराब है कि लोगों को जान जाोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है। किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी ने काफनू-वांगतू संपर्क मार्ग की खस्ता हालत पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग को सेब सीजन से पहले वांगतू-काफनू मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।