आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल बैहना पंचायत के छांवटी गांव और कराड़ पंचायत के कोठी गांव अब कंटेनमेंट और बफर जोन से बाहर कर दिए गए हैं। उपायुक्त कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेशों के अनुसार इन पंचायतों में कोरोना के 5 मामले आने के बाद उक्त पंचायतों के कुछ क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन और बफर जोन घोषित किया गया था।
17 जुलाई 2020 को उपायुक्त कुल्लू की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार कोरोना संक्रमण के खतरे के दृष्टिगत बैहना पंचायत के छावंटी गांव, वार्ड नंबर सात और कराड़ पंचायत के कोठी गांव के वार्ड नंबर पांच को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था। वहीं बैहना पंचायत के वार्ड नंबर 7 का शेष क्षेत्र, कराड़ पंचायत के वार्ड नंबर 5 का शेष क्षेत्र बफर जोन घोषित किया गया था। उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन और बफर जोन घोषित करने के बाद कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला नहीं आया है। एक्टिव केस फाइडिंग मुहिम के तहत, सघन जांच के बाद भी कोरोना संक्रमण का कोई नया केस दर्ज नहीं हुआ है। इसके चलते उक्त पंचायत के क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन और बफर जोन से बाहर किया गया है। अब जिला दंडाधिकारी के निर्देश प्रभावी माने जाएंगे।
- हरिकृष्ण