फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

7 दिन बाद भी बाधित ननखड़ी-खमाडी सड़क नहीं हुई बहाल

विज्ञापन
ननखड़ी-खमाडी में बारिश से टूटी सड़क, यातायात ठप। - फोटो : RAMPUR-HP
विज्ञापन
ननखड़ी(रामपुर बुशहर)। भारी बारिश के दौरान गत रविवार को भूस्खलन से बाधित हुई ननखड़ी-खमाडी सड़क एक सप्ताह बाद भी यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाई है। इस कारण ननखड़ी तहसील की दो पंचायतों के एक दर्जन से अधिक गांवों में सेब की 80 हजार पेटियां सड़ने की कगार पर पहुंच चुकी हैं। दो पंचायतों के हजारों बागवानों को लाभान्वित करने वाली इस सड़क का एक हिस्सा भूस्खलन से पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है, इसे सही करने में लोक निर्माण विभाग को 10 से अधिक दिन का समय लगेगा। ऐसे में बागवानों की वर्ष भर की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
विज्ञापन

हालांकि इन क्षेत्रों में सेब सीजन एक सप्ताह पूर्व शुरू हो गया था, लेकिन क्षेत्र में भारी बारिश के कारण मुख्य सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह से भूस्खलन की जद में आकर टूट चुका है। सड़क क्षतिग्रस्त होने पर बागवानों ने सेब तुड़ान का कार्य रोक दिया था। अब बागवानों को चिंता सता रही है कि कब सड़क बहाल होगी और कब वे अपनी सेब की फसल मंडियों तक पहुंचा पाएंगे। ननखड़ी से खमाडी सड़क बीते 7 दिन से बंद पड़ी है। इस कारण क्षेत्र की कुंगलबाल्टी और खमाडी पंचायत के बाहली, आदर्शनगर, टांगरी, चमाडा, धांशा, दारजा, कुंगलबाल्टी, करोली, खमाडी, डीम, चनेरना, गडराड़ी गांव में सेब की फसल पेड़ों पर ही है। क्षेत्र में करीब 80 हजार सेब की पेटियों का उत्पादन हुआ है, जिसे मंडी पहुंचाना अब बागवानों के लिए जी का जंजाल बनता जा रहा है।
खमाडी पंचायत प्रधान कल्पा मेहता, उप प्रधान गोपाल मेहता, बागवान प्यारे लाल, यशपाल, मीना देवी, केदार चौहान, रवि चौहान, सेऊ राम, महेंद्र सिंह, नरेंद्र कपूर, देस राज, लायक राम, कुशल चंद, रमेश कुमार, सुशील कुमार, संतोष कुमार, राजेंद्र सिंह, मनमीत, अशोक चौहान, बालकरण, पिंकू, दीगडु राम, मोहन लाल सहित अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है।
विज्ञापन

उधर, लोक निर्माण विभाग ननखड़ी के एसडीओ बृजलाल ने कहा कि ननखड़ी से खमाडी सड़क को 1 से 2 दिन के भीतर सही कर दिया जाएगा। रेला से खनोग सड़क को बहाल करने में 10 दिन का समय लग जाएगा। सड़क का एस्टीमेट तैयार कर जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें