यातायात ठप, 800 बाशिंदों को आवाजाही के लिए झेलनी पड़ रहीं परेशानियां
लोक निर्माण मंत्री के आश्वासन के बाद नहीं नहीं सुधर रही टूटू सड़क की हालत
ग्रामीणों में लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली को लेकर रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। देलठ पंचायत के टूटू गांव को जोड़ने वाली संपर्क सड़क पर बीते छह माह से यातायात ठप है। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। छह माह से डंगा न लगने के कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों सहित मरीजों की दुश्वारियां बरकरार हैं।
समस्या को लेकर ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह से भी मिला, लेकिन मात्र आश्वासन ही मिले। बरसात के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा टूटा हुआ है। सड़क नालट्नाल से मंदिर तक डेढ़ किलोमीटर तक कई स्थानों पर पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। इसके कारण ग्रामीणों को आवाजाही करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं और मरीजों को भी अस्पताल पहुंचना चुनौती बना हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी कई बार समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
कैलाश शर्मा, चंद्र शर्मा, ईश्वर देव शर्मा, अजय शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि टूटू गांव देलठ पंचायत का सबसे बड़ा गांव है और गांव में करीब 800 की आबादी रहती है। यातायात ठप होने से मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। कई बार सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करने की मांग मंत्री, प्रशासन और विभाग से की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से आग्रह किया है कि सड़क की मरम्मत कर आवागमन बहाल किया जाए।
कोट
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजीव चौहान का कहना है कि सड़क पर डंगों के निर्माण कार्य के लिए एस्टीमेट स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़क का मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।