सुंगरी बाहली में बर्फबारी होने के बाद बंद संपर्क मार्ग
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। सीजन के तीसरा हिमपात कहीं राहत तो कहीं आफत लेकर आया। शुक्रवार देर रात हुई बर्फबारी और बारिश ने कुछ क्षेत्रों में वाहनों के पहिये रोक दिए हैं। रामपुर से रोहड़ू को जोड़ने वाला मार्ग सुंगरी में बर्फबारी से यातायात के लिए फिर से बाधित हो गया है। क्षेत्र के लोगों को आवाजाही करने में खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। वहीं नेशनल हाईवे पांच नारकंडा में भी शनिवार को दोपहर तक बसों की आवाजाही बंद रही। हालांकि उसके बाद मौसम खुलते ही आवाजाही बराबर होती रही।
जानकारी के मुताबिक सुंगरी में करीब आधा फीट बर्फबारी दर्ज की गई है। सुंगरी मार्ग बंद होने से रोहड़ू का रामपुर से संपर्क कट गया है। रामपुर से जराशी तक ही निगम की बस जा रही है। हालांकि बाकी सभी ग्रामीण रूटों पर निगम की बसें दौड़ रही हैं। उपमंडल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों 15/20 वैली, 12/20 वैली सहित कंछीण घोड़ी में भी हल्का हिमपात हुआ है। 12/20 वैली स्थित प्रमुख धार्मिक स्थल मां श्राईकोटी मंदिर एक बार फिर से बर्फ से लकदक हो गया है।
उधर, आरएम रामपुर गुरवचन सिंह ने कहा कि बर्फबारी के कारण सुंगरी में मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गया है। अन्य सभी ग्रामीण रूटों पर निगम की बसों की आवाजाही बराबर हो रही है। वहीं एनएच पांच नारकंडा में मौसम खुलने के बाद शनिवार दोपहर बाद बसों की आवाजाही शुरू हुई।