शिमला जिले के ठियोग की संधू पंचायत के रुनकली मोड़ में एक कार खाई में गिर गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार आईजीएमसी शिमला में चल रहा है। ठियोग थाना पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। हादसा बुधवार सुबह हुआ। कार सवार लंबीधार से ठियोग की ओर जा रहे थे। रुनकली मोड़ के पास पहुंचने पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। कार गहरी जा गिरी। इसके बाद नीचे जाकर एक कच्ची सड़क जा रुकी। मौके पर स्थानीय लोग पहुंचे। दोनों घायलों को कार से निकालकर ठियोग अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार देकर आईजीएमसी रेफर कर दिया। घायलों की पहचान राहुल (24) निवासी गांव कोटी और लोकेंद्र (55) निवासी नया गांव क्यारटू तहसील ठियोग के रूप में हुई है।
स्थनीय लोगों के अनुसार यह मोड़ काफी खतरनाक है। पहले भी यहां कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें 6 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि रुनकली मोड़ पर क्रेश बैरियर और चेतावनी संकेत बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो। लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर सड़क संकरी होने और सुरक्षा प्रबंधों के अभाव के कारण वाहन फिसलने का भी खतरा बना रहता है। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी के बयान पर मामला दर्ज किया गया है।