जगह-जगह खराब हो रही बसों को लेकर पंचायत समिति के सदस्यों ने जताई चिंता
सीचसी ननखड़ी में डेंटल चेयर लगाने और आय-व्यय पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी(रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की 18 पंचायतों का कार्य मात्र तीन सचिवों के सहारे चल रहे हैं। इस कारण पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पंचायत समिति भवन ननखड़ी में बुधवार को अध्यक्ष रीता धीमान की अध्यक्षता में पंचायत समिति की त्रैमासिक बैठक हुई। बैठक में सदस्यों ने बीडीओ कार्यालय सहित विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े पदों को लेकर रोष जताया। उन्होंने व्यवस्था में सुधार कर ग्रामीण विकास के कार्यों को समय पर पूरा करवाने की मांग की। इसके अलावा बैठक में विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।
बैठक में सीएचसी ननखड़ी में डेंटल चेयर लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया, ताकि यहां पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके। देलठ की पंचायत समिति की सदस्य हिमना देवी ने बताया कि तहसील की 18 पंचायतों का जिम्मा केवल तीन सचिव संभाले हुए हैं। ऐसे में विकास कार्य कैसे सिरे चढ़ेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से विकास खंड की विभिन्न पंचायतों में रिक्त पड़े सचिवों और अन्य कर्मचारियों के पद जल्द भरने की मांग उठाई। सदस्यों ने क्षेत्र में चरमरा रही परिवहन सेवाओं को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आए दिन परिवहन निगम की बसें आधे रास्ते में हांफ जाती हैं और ग्रामीणों को कई किलोमीटर का पैदल सफर तय करना पड़ता है। उन्होंने सरकार और निगम प्रबंधन से बस सेवाओं में आवश्यक सुधार की मांग उठाई। इसके अलावा उन्होंने देलठ पंचायत होते हुए चलने वाली नारकंडा-ननखड़ी बस सेवा को शाम के समय भी चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बस सेवा न चलने से ग्रामीणों को करीब 15 किलोमीटर की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही हैं। जंगल के बीच से गुजरते रास्ते में हमेशा जंगली जानवरों का डर बना रहता है। उन्होंने निगम प्रबंधन से बस को शाम के समय भी देलठ होते हुए चलाने की मांग उठाई। इसके अलावा बैठक में पंचायत समिति के आय-व्यय बारे चर्चा हुई। इस मौके पर पंचायत समिति उपाध्यक्ष शेर सिंह खुंद, सदस्य कंपा ठाकुर, दीपा, जगदीश सिंह, टीआर आजाद, सुरजन सिंह, नारायण, नरेश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।