रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले में सड़क दुर्घटना में घायल लोगों के लिए कैशलेस सुविधा शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर ने बताया कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एक लाख 50 हजार रुपये की निशुल्क वित्तीय सहायता सात दिनों में प्रदान की जाएगी। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल सभी भारतीय मूल के निवासी और विदेशी नागरिक शामिल किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए राज्य सरकार प्रयास कर रही है, ताकि बहुमूल्य जिंदगियों को बचाया जा सके।