रिकांगपिओ (किन्नौर)। मतगणना के दौरान सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने कर्तव्यों का जिम्मेवारी से निर्वहन करें। आठ दिसंबर को सुबह 8:00 बजे से बचत भवन में मतगणना प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं।
यह बात शनिवार को बचत भवन में मतगणना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आयोजित प्रथम मतगणना पूर्वाभ्यास के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कही।
इस दौरान उन्होंने मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया और इससे जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना प्रक्रिया में भारतीय चुनाव आयोग के जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित बनाने के लिए भी हिदायत दी।
उन्होंने बताया कि सात दिसंबर को द्वितीय मतगणना पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम शशांक गुप्ता ने मतगणना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्वाभ्यास का प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही मतगणना से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस मौके पर नायब तहसीलदार निर्वाचन इंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।