निरमंड में आयोजित हुआ खंड स्तरीय युवा उत्सव में विजेताओं को सम्मानित करते एसडीएम निरमंड मनमोहन
- फोटो : RAMPUR-HP
आनी (कुल्लू)। लोकनृत्य और वाद्ययंत्र प्रतियोगिता में युवा मंडल चिलाआगे ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन युवा सेवा एवं खेल विभाग कुल्लू के निर्देश पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान निरमंड के सभागार में किया गया। इसमें लोक गीत, लोक नृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्र प्रतियोगिता करवाई गई।
लोकगीत में पहले स्थान पर राजकीय महाविद्यालय निरमंड और दूसरे स्थान पर युवा मंडल चिलाआगे ने हासिल किया। प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि उपमंडल अधिकारी मनमोहन सिंह ने शिरकत की। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान विशेषातिथि के रूप में पंचायत प्रधान चायल सुषमा कटोच और पंचायत इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में प्रो. मदन ठाकुर और साहित्यकार दीपक शर्मा ने कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में उपस्थिति दर्ज करवाई। प्रतियोगिता में प्रतिभागी दलों द्वारा पारंपरिक लोक नृत्य और लोकगीतों से दर्शकों को मनोरंजन किया गया।
युवा उत्सव प्रतियोगिता में युवा मंडल टिकरू, ऐजर, चिलाआगे, सरस्वती विद्या मंदिर निरमंड, राजकीय महाविद्यालय निरमंड और आईटीआई निरमंड के प्रतिभागी दलों ने हिस्सा लिया। खेल युवा स्वयंसेवी लता मेहरा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।