संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नाथपा झाकड़ी विद्युत परियोजना से प्रभावित 141 भूमिहीन लोगों को एक माह के भीतर भूमि का मालिकाना हक प्रदान किया जाएगा। यह बात झाकड़ी में आयोजित राज्यस्तरीय पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन सलाहकार समिति की बैठक में मंत्री जगत सिंह नेगी ने कही। उन्होंने परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में परियोजना की ओर चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं में सुधार करने के भी निर्देश दिए। एसजेवीएनएल जल विद्युत परियोजना नाथपा झाकड़ी और किन्नौर की बास्पा जल विद्युत परियोजना पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन सलाहकार समिति की राज्य स्तरीय बैठक बुधवार को हुई।
बैठक की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने की। बैठक में अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग नंद लाल भी उपस्थित रहे। बैठक में पिछली बैठक की 48 मदों की कार्यवाही और निष्पादन पर विस्तृत चर्चा की गई। जल विद्युत परियोजना के अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि झाकड़ी परियोजना क्षेत्र में 480 परिवार प्रभावित हुए हैं और इनमें से 141 परिवार जिनकी भूमि पांच बीघा से कम रह गई थी, उन परिवारों में से लैंड लैस और जिन परिवारों का मकान पूरी तरह परियोजना में आए थे, ऐसे 67 परिवार हाऊस लैस घोषित किए गए हैं। 141 लैंड लैस परिवारों में से 61 परिवारों को विद्युत परियोजना में रोजगार दिया गया और बाकी बचे लोगों को रोजगार के बदले वित्तीय सहायता प्रदान की गई, जब इन लोगों को परियोजना में रोजगार दिया जाएगा तो यह राशि प्रभावित परिवार को वापस करनी होगी।
राजस्व मंत्री ने परियोजना के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाथपा झाकड़ी विद्युत परियोजना से प्रभावित 141 भूमिहीन लोगों को एक माह के भीतर पांच बीघा तक भूमि का मालिकाना हक प्रदान किया जाए। बैठक में उन्होंने परियोजना की ओर से प्रभावित क्षेत्र में चलाए जा रहे अस्पताल, स्कूल और अन्य योजनाओं को लेकर भी जानकारी ली और इनमें सुधार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में 19 नई मदों पर भी चर्चा की गई, जिनमें विस्थापित परिवारों को स्थाई नौकरी देने, परियोजना के कुल उत्पादन का एक प्रतिशत रॉयल्टी के रूप में देने, परियोजना क्षेत्र में नए पौधे स्थानीय लोगों के साथ मिल कर प्रति वर्ष लगाने, सिंचाई और पेयजल की व्यवस्था करने बारे मुख्य मदें रहीं।
इस मौके पर अतिरिक्त सचिव राजस्व बलवान चंद, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, उपायुक्त किन्नौर अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव कुमार गांधी, एसडीएम निशांत तोमर, नाथपा झाकड़ी और बास्पा जल विद्युत परियोजना के अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारी व गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।
झाकड़ी में पुनर्वास एवं पुनस्र्थापन सलाहकार समिति बैठक की अध्यक्षता करते मंत्री जगत सिंह नेगी।