विश्व रेडक्राॅस दिवस के अवसर पर बोले उपायुक्त, कहा-रेडक्रॉस के माध्यम से 213 लोगों को पहुंचाई मदद
अस्पताल में मरीजों को बांटे फल, लोगों से किया रेडक्रॉस के लिए अंशदान करने का आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि जिला रेडक्रॉस समिति पीड़ित मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर है। उपायुक्त विश्व रेडक्राॅस दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रोगियों को फल वितरित करने के उपरांत जिला रेडक्रॉस समिति के उपस्थित सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस समिति के सदस्यों के साथ क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, कुष्ठ रोग अस्पताल लोहांजी और टीबी सेनिटोरियम धर्मपुर में 130 रोगियों को फल, जूस एवं बिस्कुट इत्यादि वितरित किए। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें जरूरतमंद के प्रति सेवा की भावना बनाए रखने और पीड़ित मानवता की बेहतरी की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। आमजन के सहयोग से जिला में रेडक्रॉस समिति के कार्यों का विस्तारीकरण किया जा रहा है। पीड़ित व जरूरतमंद लोगों तक संसाधनों को पहुंचाने में प्रबुद्ध व्यक्ति निरंतर सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने रेडक्रॉस समिति को दिए जाने वाले सहयोग के लिए सहभागियों का आभार व्यक्त किया।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में रेडक्रॉस समिति की ओर से स्थापित सहायता कक्ष के माध्यम से अभी तक 213 लोगों को सहायता एवं 2 लोगों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी सोलन द्वारा वित्त वर्ष 2025-26 में 42 जरूरतमंद लोगों को 2 लाख 73 हजार 280 रुपये की सहायता प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस समिति का कार्य निस्वार्थ मानव सेवा करना है और जिला रेडक्रॉस समिति सोलन मानवता के प्रति समर्पण और सेवाभाव से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के पुनीत कार्य निरंतर जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने सभी से आग्रह किया रेडक्रॉस समिति सोलन से जुड़ें। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि रेडक्रॉस समिति को उदारतापूर्वक अंशदान करें।
उपायुक्त ने इस अवसर पर रोगियों से वार्तालाप कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस समिति सोलन के सहयोग से एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट की ओर से एक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। इस शिविर में 22 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त की धर्मपत्नी ऋचा शर्मा, सहायक आयुक्त एवं जिला रेडक्रॉस समिति की सचिव नीरजा शर्मा, जिला रेडक्रॉस समिति के आजीवन सदस्य राकेश कुमार पठानिया, अजय शर्मा, सुनीता ओबरॉय, चंद्र कला सूद, रेणु कोरियन सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।