क्रिकेट प्रतियोगिता में 64 टीमें, बैडमिंटन की सिंगल में 25 और डबल में 26 टीमें ले रही हिस्सा
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के सरोग में दशहरा मेला धूमधाम से मनाया जा रहा है। मेले के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मेेले में बैडमिंटन और क्रिकेट प्रतियोगिताएं मेले का प्रमुख आकर्षण बनी हुई हैं। वहीं, दशहरा के शुभ अवसर पर मंगलवार को आयोजित होने वाले रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी क्षेत्रवासियों में उत्साह है। मेले में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिताएं फ्लड लाइट्स की रोशनी में रात के समय खेली जा रही हैं, जिससे खेलों का रोमांच और भी बढ़ गया है। बैडमिंटन की सिंगल प्रतियोगिता में 25 टीमें, जबकि डबल प्रतियोगिता में 26 टीमें भाग ले रही हैं। क्रिकेट प्रतियोगिता में 64 टीमें भाग लेंगी। दशहरा पर मंगलवार को होने वाला रावण दहन उत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश करेंगे। खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का यह संगम मेले को विशेष पहचान प्रदान करता है। मेले में वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
वर्षों पुरानी परंपराए ग्रामीणों की आस्था का केंद्र है मेला
सरोग में दशहरा मेला लंबे समय से मनाया जाता रहा है। वर्षों पुरानी इस परंपरा ने मेले को आसपास के गांवों, ग्रामीण क्षेत्रों और विभिन्न पंचायतों के लोगों के बीच विशेष लोकप्रियता दिलाई है। हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन से जुड़ते हैं और दशहरे के पर्व को सामूहिक रूप से मनाते हैं। सरोग का यह मेला केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खेल, लोक संस्कृति और सामाजिक मेलजोल का भी महत्वपूर्ण मंच है। एक ओर जहां रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाता है। दूसरी ओर खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की लोक परंपराओं को भी प्रोत्साहन मिलता है।