रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले रिकांगपिओ शैलेष हितैषी ने बताया कि प्रत्येक एपीएल राशन कार्ड धारक आयकरदाता को आधार संख्या से जोड़कर एपीएलटी राशन कार्ड धारक चिह्नित किया जाएगा।
हितैषी ने कहा कि यह निर्णय आयकरदाता राशन कार्ड धारकों को लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं राज्य विशेष अनुदानित योजना के अंतर्गत मिलने वाले अनुदानित राशन और खाद्यान्नों से बाहर करना है, ताकि जरूरतमंद उपभोक्ताओं को उपरोक्त योजना का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि आयकरदाता एपीएल राशन कार्ड धारकों को आटा और चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली अनुसार यथावत दरों पर मिलता रहेगा। परंतु राज्य विशेष अनुदानित योजना के अंतर्गत मिलने वाले खाद्यान्न गैर अनुदानित दरों/मूल रेट पर ही उपलब्ध होंगे।
उन्होंने आयकरदाता एपीएल राशन कार्ड धारकों से आग्रह है कि वे अपने राशन कार्ड को आधार संख्या से जोड़ने के लिए अधोहस्ताक्षरी या विकास खंड स्तर पर निरीक्षक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क करें। उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से भी सूचना अधोहस्ताक्षरी या निरीक्षक को उपलब्ध करवाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि एपीएलटी संबधित अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01786-222207 पर संपर्क करें।