पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कैथू जेल पहुंचाया
निरंतर आपराधिक संलिप्तता के चलते पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आदतन चिट्टा तस्करी के आरोपी को चंडीगढ़ के मनीमाजरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर शिमला की कैथू जेल भेज दिया है। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोधात्मक डिटेंशन की कार्रवाई अमल में लाई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चेतन चौहान गांव भड़ावली, तहसील रामपुर, जिला शिमला, लंबे समय से फरार चल रहा था। उसे बीते शनिवार को मनीमाजरा स्थित गेस्ट हाउस, मोटर मार्केट से दबोचा गया। हिमाचल सरकार की मंजूरी के बाद आरोपी के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत डिटेंशन आदेश जारी किए गए थे, जिनकी अनुपालना में यह कार्रवाई की गई।
शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी में संलिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधियों को दोबारा अपराध करने से रोकने और समाज से दूर रखने के लिए पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत 23 मार्च 2020 और 14 अप्रैल 2023 को पुलिस थाना रामपुर में मामले दर्ज किए जा चुके हैं। अब तक शिमला पुलिस इस अधिनियम के तहत 35 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई जारी है और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभी तक ऐसे 35 आरोपियों के खिलाफ शिमला पुलिस ने डिटेंशन कार्रवाई अमल में लाकर उन्हें तीन-तीन महीने के लिए जेल भेजा है।