. मासिक बैठक में विकास कार्यों में हो रही देरी को लेकर पार्षदों ने जताया रोष
. एक सप्ताह में वार्डों के कार्य शुरू नहीं हुए तो एक साल के लिए ठेकेदार होंगे ब्लैक लिस्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नगर परिषद ने प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद कचरा शुल्क में 25 रुपये की वृद्धि की है। अब लोगों को कचरा शुल्क के 75 रुपये प्रतिमाह देने होंगे। नगर परिषद क्षेत्र में नए साल से नई दरों के साथ कचरा शुल्क लिया जाएगा। वहीं, नगर परिषद के वार्डों में विकास कार्य कर रहे ठेकेदारों को भी सख्त हिदायत दी गई है। ठेकेदारों ने एक सप्ताह के भीतर विकास कार्य शुरू नहीं किए, तो एक साल के लिए ब्लैक लिस्ट किए जाएंगे। बुधवार को नगर परिषद रामपुर की मासिक एवं वर्ष की अंतिम बैठक हुई। अध्यक्षता नगर परिषद की अध्यक्ष मुस्कान चारस ने की। बैठक में विकास कार्यों और लंबित कार्यों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में पार्षदों ने विकास कार्यों में बरती जा रही लापरवाही और ठेकेदारों के मनमाने रवैये को लेकर रोष जताया। पार्षदों ने कहा कि ठेकेदारों ने वार्डों के कार्य तो लिए हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने में लेटलतीफी कर रहे हैं। कई स्वीकृत कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाए हैं। पार्षदों ने बैठक में प्रस्ताव पारित किया कि यदि संबंधित ठेकेदार एक सप्ताह के भीतर में कार्य शुरू नहीं करते हैं, तो उन्हें एक साल के लिए ब्लैक लिस्ट किया जाए और उन्हें कार्य न दिए जाएं, जिस पर सभी ने हामी भरी। इसके अलावा बैठक में नगर परिषद क्षेत्र में चल रही डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण योजना के तहत लिए जा रहे शुल्क को बढ़ाने का निर्णय लिया। बैठक में कचरा शुल्क 50 से 75 रुपये करने का निर्णय लिया गया, जो जनवरी से लागू होगा। वहीं, बैठक में तहसील पुस्तकालय के विस्तारीकरण और जिम को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने बताया कि पुस्तकालय स्थित जिम को ऊपरी मंजिल में स्थानांतरित किया जाएगा। जिम चलाने वाले को पूर्व में निर्धारित रेट के आधार पर जिम दिया जाएगा। इसके अलावा पुस्तकालय की सबसे ऊपरी मंजिल में सेल्फ फाइनेंस के तहत अकादमी स्थापित की जाएगी, जहां युवा वर्ग निशुल्क प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां कर सकेंगे। वहीं, शहर के हार्डवेयर, दर्जी, फर्नीचर, होटल और अन्य संस्थानों से वसूले जाने वाले शुल्क को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में सभी पार्षदों से उनके वार्डों में किए जाने वाले कार्यों का ब्योरा लिया और प्रस्ताव पारित किए। इसके अलावा विभिन्न वार्डों के खस्ताहाल रास्तों को दुरुस्त करने और वार्डों में बिजली की व्यापक व्यवस्था करने की मांग उठाई। इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष विशेषर लाल, पार्षद प्रदीप कुमार, अश्वनी नेगी, रोहिताश्व सिंह मेहता, गोविंद राम, स्वाति बंसल, कांता देवी, गिरीश गौतम, सुशील ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता राजेश शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
मेला कमेटी और नगर परिषद में बंटे लवी मेले से प्राप्त आय
नगर परिषद की बैठक में अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के आयोजन से प्राप्त होने वाली आय को मेला कमेटी और नगर परिषद में बराबर बांटने की मांग उठी। कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने बताया कि वर्ष 2019 में नगर परिषद और मेला कमेटी में सहमति बनी थी कि मेले से प्राप्त आय का दोनों में बराबर हिस्सा बंटेगा। उन्होंने इसी तर्ज पर मेले से प्राप्त आय का बंटवारा करने की बात कही। उन्होंने बताया कि नगर परिषद ने लवी मेले में लगाए गए झूले से 35 लाख और डोम से 48 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।