आग की चपेट में आने से कंपोस्ट मशीन, शेल्टर और खाद बनाने की ट्रे जलकर राख
घटना की जांच में जुटी पुलिस, सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। दिवाली की रात को रामपुर में नगर परिषद के वार्ड नंबर-पांच में कचरा प्रबंधन संयंत्र को आग लग गई। सोमवार रात को अचानक लगी आग से प्लांट की रखी लाखों रुपये की मशीन जल गई। देर रात तक प्रशासन, अग्निशमन, पुलिस और नगर परिषद की टीमें आग बुझाने में जुटीं रहीं। वहीं, नगर परिषद ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। वहीं, मंगलवार सुबह धुएं के गुबार वातावरण में फैलते दिखाई दिए। विषैले धुएं के फैलने से लोग परेशान हुए। यह आग खोपड़ी मंदिर के पास बनी गोशाला के पास रखे कचरे में लगी। यहां नगर परिषद ने सूखा कचरा इकट्ठा कर रखा था। बरसात के कारण चार महीने से यह कचरा नहीं उठ पाया है, जिसे नगर परिषद सीमेंट निर्माण के लिए भेजती है। कई टन कचरे के ढेर को देखते ही देखते आग ने राख में बदल दिया। वहीं, यहां नगर परिषद ने गीले और ठोस कचरे के प्रबंधन के लिए कंपोस्ट प्लांट बनाया है, जहां खाद तैयार की जाती है। सोमवार रात को कचरे में भड़की आग कंपोस्ट शेड तक आ पहुंची और यहां रखी कंपोस्ट मशीन, खाद बनाने की ट्रे समेत पूरा शेल्टर आग से क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में करीब 22 लाख रुपये की लागत की कंपोस्ट मशीन, 13 लाख की लागत से तैयार शेल्टर और खाद बनाने की ट्रे जल गई है। कुल मिलाकर नगर परिषद को करीब 85 लाख रुपये की क्षति पहुंची है। आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन, नगर परिषद, अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। देर रात करीब एक बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल और यहां से ऊपर नेशनल हाईवे-पांच पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। शाम छह बजे तक नगर परिषद का सफाई कर्मी मौके पर मौजूद था, जबकि उसके जाने के बाद आग की यह घटना पेश आई। 0
आग की चपेट में आने से कंपोस्ट प्लांट जल गया है। इस घटना में करीब 85 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग से कंपोस्ट मशीन, शेल्टर और खाद बनाने की ट्रे जल गई हैं। पुलिस थाना रामपुर में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आग लगने के कारणों की पता चल सके।
बीआर नेगी, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद रामपुर
मंगलवार सुबह भी उठते रहे धुएं के गुबार
कचरा प्रबंधन संयंत्र और सूखे कचरे में लगी आग का धुआं मंगलवार को भी फैला रहा। प्लास्टिक कचरे से निकले विषैले धुएं से साथ लगते मां महिषासुरमर्दिनी महालक्ष्मी मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। मंगलवार सुबह क्षेत्र में प्लांट और आसपास काला धुआं फैला हुआ था। मंदिर के पुजारी पंडित देवेंद्र शर्मा ने बताया कि धुएं के कारण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
रामपुर में आग की भेंट चढ़ा नगर परिषद का कचरा प्रबंधन संयंत्र। संवाद