आनी (कुल्लू)। आनी खंड की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी में तीन दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-19 छात्रा वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ शनिवार को हुआ। उच्च शिक्षा जिला उपनिदेशक कुल्लू शांति लाल शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण और बौद्धिक विकास के लिए खेलकूद गतिविधियों का अहम योगदान है। आनी क्षेत्र में हुनर की कमी नहीं है। हर क्षेत्र में यहां के छात्र प्रदेश स्तर पर नाम चमका रहे हैं। इस अवसर पर कोठी स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर खूब समा बांधा। खेलकूद के खंड प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि प्रतियोगिताओं में 18 स्कूलों के 270 प्रतिभागी छात्राएं भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिताओं में मार्च पास्ट के अलावा कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल और बैडमिंटन के मुकाबले होंगे। पहले दौर में कबड्डी के मुकाबले में खनाग ने आनी स्कूल को हराया। जबकि वाॅलीबाल प्रतियोगिता के पहले मैच में खुन्न स्कूल ने शवाड़ स्कूल को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस अवसर पर राहुल शर्मा, डॉ. चमन ठाकुर, खेमचंद, पूर्व अध्यक्ष मस्तराम, पोविंद्र चौहान सहित अन्य मौजूद रहे।