ठियोग (रामपुर बुशहर)। खंड देहा की छात्रा वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता में बगैन स्कूल ने रिकॉर्ड 13 इनाम अपने नाम किए हैं। खिलाड़ियों ने कबड्डी, खोखो, एकल गान, सामूहिक गीत, क्लासिकल, समूह गान और लोक नृत्य में पहला स्थान हासिल की है। वहीं नाटक और भाषण प्रतियोगिता में स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया है।
इसके अलावा कुछ दिन पूर्व विश्वकर्मा दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में अकेले स्कूल ने सांसद अनुराग ठाकुर के समक्ष बगैन के सांस्कृतिक कार्यक्रम को गेयटी थियेटर में भी दिखाया गया। स्कूल के खिलाड़ी ने राज्य स्तर पर कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लिया है। इससे इलाके में खुशी की लहर है। स्कूल पहुंचने पर प्रशासन ने खिलाड़ियों का स्वागत किया।
बच्चों के अलावा एसएमसी अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा और अध्यापकों ने इस जीत पर खुशी जाहिर की। स्कूल में खेतिहार किसान संगठन के राज्याध्यक्ष सोहन वर्मा और बगैन पंचायत प्रधान मीरा वर्मा ने भी बच्चों को बधाई दी। जिला स्तर की अंडर-14 खेलकूद में भी बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया।
स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद ठाकुर ने इस जीत को ऐतिहासिक बताया और जीवन में संघर्ष को अपनाने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में स्कूल को खेल और नृत्य में ओवरऑल चैंपियन का इनाम दिया गया।