रामपुर बुशहर। एसएफआई निरमंड इकाई का वीरवार को तीसरा सम्मेलन आयोजित किया गया। इसका उद्घाटन एसएफआई लोकल कमेटी रामपुर के सचिव राहुल विद्यार्थी ने किया। उन्होंने सम्मेलन में छात्र समुदाय को समाज और देश में विभिन्न प्रकार की समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि पूंजीवादी ताकतें समाज पर हावी हो रही हैं।
लगातार सार्वजनिक शिक्षा को खत्म किया जा रहा है, शिक्षा का निजीकरण किया जा रहा है। देश की सार्वजनिक संपत्ति को बेचने का काम केंद्र की भाजपा सरकार कर रही है। राहुल विद्यार्थी ने बताया की आने वाले समय में छात्र संघ चुनाव, पीटीए और छात्रावास जैसे मुद्दे को लेकर संघर्ष को और तेज करने की आवश्यकता है। तीसरे सम्मेलन से 23 सदस्यीय कमेटी चुनी गई और नौ सदस्यीय को सचिवालय चुना गया।
तीसरी कमेटी की अध्यक्ष राजकुमारी और सलिल शर्मा को सचिव का पद सौंपा गया। सम्मेलन के दौरान नवनिर्वाचित कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया और भविष्य के कार्य को लेकर व आने वाले समय में छात्र मुद्दों को लेकर संघर्ष को और तेज करने के लिए रणनीति बनाई गई।