रोहडू। मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र रोहड़ू के वैज्ञानिकों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बलसा और राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोहड़ू के छात्रों को बागवानी के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों को स्कूल से निकलने के बाद डॉ यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी सोलन में प्रवेश की प्रक्रिया के बारे में अवगत करवाया गया। विशेषज्ञों ने बागवानी और वानिकी में पढ़ाई के बाद के आजिविका के विकल्पों की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र की प्रभारी एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ उषा ने की।
इसके अलावा डॉ. बरागटा ने सेब में मुख्य रूप से लगने वाली बीमारियों और उनकी रोकथाम के बारे में भी विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया। डॉ. नागेंद्र बुटेल ने मृदा परीक्षण और मृदा प्रबंधन की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मृदा परीक्षण से कैसे बागवान उर्वरकों की सिफारिशें प्राप्त कर सकते हैं।
साथ ही सिफारिशों के अनुसार उर्वरक उपयोग करके उर्वरक व्यय को भी कम कर सकते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र, शिमला की प्रभारी डॉ. ऊषा शर्मा ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम स्कूल के बच्चों के लिए आयोजित किए जाएगे।