टैक्स अदायगी न होने से नगर परिषद रामपुर में रुके के विकास और राहत कार्य, वित्त वर्ष 2023-24 में महज 39.56 लाख टैक्स हो पाया जमा
नगर परिषद ने भवन मालिकों को नोटिस जारी कर 31 मार्च से पहले टैक्स जमा करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बीते वर्ष हुई भारी बरसात से नगर परिषद रामपुर को करोड़ों रुपये की क्षति पहुंची है। बजट के अभाव में विकास और राहत कार्य ठप पड़े हैं। वहीं नगर परिषद को भवन मालिक संपत्ति कर की राशि भी समय पर नहीं दे रहे हैं। इस वजह से नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्य ठंडे बस्ते में पड़े हैं। गौर हो कि रामपुर नगर परिषद के नौ वार्डों में रहने वाले भवन मालिकों से करीब सवा दो करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। इस राशि से नगर परिषद के विभिन्न विकास और राहत कार्यों को पूरा किया जाता है लेकिन वित्तीय वर्ष 2023-24 की अधिकांश राशि अभी भी लंबित पड़ी है। उपभोक्ताओं संपत्ति कार परिषद को जमा नहीं करवा रहे हैं। इस कारण नगर परिषद बजट की कमी से जूझ रही है। बात करें इस वित्त वर्ष की तो अभी तक केवल 39.56 लाख टैक्स ही नगर परिषद को प्राप्त हो पाया है। नगर परिषद द्वारा विभिन्न वार्डों के 1,985 लोगों से वर्ष 2023-24 के तहत 2,16,72,486 रुपये टैक्स वसूला जाना है लेकिन नप को अभी तक केवल 39,56, 469 रुपये ही बतौर टैक्स प्राप्त हुआ है। करीब 1,77,16,017 रुपये के टैक्स की वसूली होना शेष है। नगर परिषद द्वारा भवन मालिकों को टैक्स जमा करवाने के लिए समय-समय पर नोटिस जारी किए जाते हैं। इसके बावजूद लोग टैक्स जमा करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे है।
कोट्स
करीब पौने दो करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स लोगों ने जमा नहीं करवाया है। इस कारण नप के विकास और राहत कार्यों को गति नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर 31 मार्च से पूर्व टैक्स जमा करने के निर्देश दिए हैं। अगर समय पर टैक्स की अदायगी की हो जाती है तो नप के विकास कार्यों को गति मिल पाएगी।
डॉ. वरूण शर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद रामपुर