सांगला( किन्नौर)। भाजपा समर्थित बीडीसी पूह अध्यक्ष इंदु किरण के इस्तीफा देने के बाद से खाली पद पर मंगलवार को चुनाव हुए। इसमें भाजपा समर्थित जयलक्ष्मी अध्यक्ष बनीं हैं। उन्होंने चुनाव में अपनी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार कुमारी नेगी तो एक मत से हराकर जीत हासिल की। इससे पहले पूह बीडीसी अध्यक्ष इंदु किरण ने निजी कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से यह पद खाली चल रहा था।
मंगलवार को बीडीसी पूह अध्यक्ष का चुनाव एडीएम पूह की मौजूदगी में हुआ। इसमें भाजपा समर्थित उम्मीदवार जय लक्ष्मी के पक्ष में 8 मत और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार प्रतिभा कुमारी नेगी के पक्ष 7 मत पड़े। इस तरह से बीडीसी अध्यक्ष की सीट पर भाजपा ने कब्जा जमाया है। इस तरह से सुन्नम गांव से संबंध रखने वाली भाजपा समर्थित उम्मीदवार जय लक्ष्मी की पूह ब्लॉक के बीडीसी अध्यक्ष पद पर ताजपोशी हुई है। यह जानकारी भाजपा पूह मंडल अध्यक्ष सुभाष छोरज्ञाया ने दी। वहीं नवनियुक्त बीडीसी अध्यक्ष जयलक्ष्मी ने कहा कि अध्यक्ष बनने के बाद पूह ब्लॉक के विकास के लिए दिनरात काम करूंगी और जो विश्वास पार्टी ने दिखाया है उसे बनाएं रखने का काम करूगीं। इस दौरान विशेष रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष यशवंत नेगी, जिला सचिव जीत राम,भाजपा पूह मंडल अध्यक्ष सुभाष छोरज्ञा, जिला परिषद् सदस्य शांता कुमार, पूर्व बीडीसी पूह की अध्यक्ष इंदु किरण और भाजयुमो जिला प्रवक्ता अभिनव सहित अन्य मौजूद रहे।