नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर की कुठेड़ पंचायत में ऐतिहासिक एवं प्राचीन रोबा मेला धूमधाम से मनाया गया। मंगलवार को देवताओं की विदाई के साथ मेला संपन्न हो गया। रोबा मेले का शुभारंभ अराध्य देवता साहिब जय कुई कांडा नाग देवता के आगमन के साथ शुरू हुआ।
उनके साथ जय नाग गडुमी देवता ने भी देवलुओं के साथ रोबा मेले में शिरकत की। इस दौरान उनका बड़े भाई कुई कांडा नाग देवता के साथ मिलन का दृश्य देखकर लोग भाव विभोर हो गए। इसके साथ ही चोला कलगी और महिलाओं ने पट्टू लगाकर सुंदर नाटी भी लगाई।
रोबा मेले में आए हजारों लोगों ने नाटी का भरपूर लुत्फ उठाया। मेले के अंतिम दिन लोक गायक पाल सिंह और रवि ठाकुर ने अपनी आवाज से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। रोबा मेले के समापन समारोह के मुख्यातिथि समाज सेवी घनश्याम शर्मा ने आयोजकों की सराहना की।
वॉलीबाल में जिला मंडी की तांदी टीम विजेता
मेले के उपलक्ष्य पर खेलकूद प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। स्पोर्ट्स एंड कल्चर क्लब हिमरी के प्रधान दिलीप ठाकुर ने बताया की वॉलीबाल में जिला मंडी की तांदी टीम विजेता बनी है जबकि जिला शिमला की जुब्बल की टीम ने दूसरे स्थान पर रही। कबड्डी में ठाकुर ब्रदर झल्ली प्रथम और अरसू द्वितीय स्थान पर रहा।
रस्साकशी में महिला मंडल सेबावाग ने पहला और महिला मंडल झल्ली ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला मंडल अपर कुठेड़ ने प्रथम रहा। खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला कुल्लू कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष लाल चंद मारकोनी विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने का आग्रह किया।