भावानगर (किन्नौर)। किन्नौर जिले के चौरा के पास शनिवार से राष्ट्रीय राजमार्ग भारी भूस्खलन के कारण करीब तीस घंटे तक अवरुद्ध रहा। इस वजह से सैकड़ों लोगों को दो दिन तक भारी परेशानियों से जूझना पड़ा। चौरा में शनिवार को चट्टानें गिरने से एनएच अवरुद्ध हो गया था। एनएच बंद होने से यहां कई लोग फंस गए थे। इस कारण कई लोगों को बसों में ही रात गुजारनी पडी।
चौरा के पास दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रही। वहीं जिले के निचले क्षेत्रों में सेब सीजन भी शुरू हो गया है। एनएच बंद होने से सेब से लदे ट्रक और मटर की गाड़ियां भी शनिवार दोपहर से चौरा में फंसे रहे। एनएच प्राधिकरण ने मशक्कत के बाद मार्ग को करीब 30 घंटों के बाद रविवार को बहाल किया।
इसके बाद सैकड़ों लोगों ने राहत की सांस ली और गंतव्य के लिए रवाना हुए। एनएच पांच के अधिशासी अभियंता केएल सुमन ने बताया कि चौरा के पास शनिवार से बंद एनएच को बहाल कर दिया गया है।