संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। नेरवा से सेब लेकर फल मंडी सरहारनपुर जा रही एक जीप उत्तराखंड के ईछाड़ी में सड़क खराब होने के कारण बीच सड़क पर पलट गई । इस हादसे में तहसील नेरवा के न्योल के युवक की जीप के नीचे दबने से मौके पर मौत हो गई। वहीं चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सुधीर पुत्र भगत राम निवासी गांव और डाकघर गयांह ग्राम पंचायत मानू-भाविया शनिवार दोपहर एक बजे दरभाड़ निवासी कमलेश और भजनदास सौ पेटी सेब लेकर सहारनपुर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान उत्तराखंड के ईछाड़ी नामक स्थान पर सड़क की खस्ताहालत के कारण जीप बीच सड़क पलट गई। इस हादसे में गाड़ी के नीचे आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुधीर भगत राम निवासी गांव और डाकघर गयांह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन उत्तराखंड के विकासनगर के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क बंद होने से नेरवा, शिलाई, रोहड़ू, जुब्बल और उत्तराखंड के त्यूणी क्षेत्र से देहरादून और सहारनपुर की मंडियों को जा रहे टमाटर और सेब से लदे वाहन सुबह तक फंसे रहे। इस दर्दनाक हादसे के बाद हर कोई स्तब्ध है। तहसीलदार कालसी उत्तराखंड सुशीला कोठियाल ने बताया कि राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल पर मौजूद लोगों और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सीधाकर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।