मुख्यमंत्री बोले, मैं एक योद्धा हूं, संघर्ष की भट्टी में तपकर जन सेवा के लिए सदैव रहूंगा तत्पर
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चौपाल विस क्षेत्र के दौरे के दौरान मंगलवार को नेरवा और कुपवी को करोड़ाें की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने नेरवा में बहुमंजिला बस अड्डा निर्मित करने, नेरवा में दुग्ध शीतक केंद्र स्थापित करने और नेरवा में मिनी सचिवालय स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने नेरवा में अग्निशमन केंद्र खोलने, राजकीय महाविद्यालय नेरवा में दो विषयों में पीजी कक्षाएं आरंभ करने की घोषणाएं की। उन्होंने नेरवा में इंडोर खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये प्रदान करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुपवी में मिनी सचिवालय खोला जाएगा। इसके अलावा उन्होंने धारचांदना, देईया और नेवटी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने चौपाल और नेरवा के नागरिक अस्पतालों में शीघ्र अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। नेरवा पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक ठोडा नृत्य के साथ हजारों की संख्या में उपस्थित जनता ने पहाड़ी परंपरा के साथ स्वागत किया। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल ने इस अवसर पर कहा कि पूर्व सरकार द्वारा छोड़ी गई ऋण देनदारियों से राज्य के विकास की गति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। चौपाल विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार रहे रजनीश खिमटा ने मुख्यमंत्री के कार्यशैली की सराहना करते हुए चौपाल विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। जनता को संबोधित करते हुए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार जन हितैषी सोच के साथ न केवल योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। लोगों के साथ किए गए वायदों को कठिन वित्तीय स्थिति के बावजूद भी पूरा कर रही है। प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालते ही कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दृष्टि से न्यू पेंशन योजना के 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ प्रदान कर प्रथम गांरटी पूरी की गई है। चौपाल क्षेत्र में भारी वर्षा के समय प्रदेश सरकार ने अवरुद्ध सड़कों को खोलने पर 15 करोड़ रुपये व्यय किए, जिससे बागवानों का सेब समय पर मंडियों तक पहुंच सके। कुछ दिन पूर्व प्रदेश की लोकतांत्रिक सरकार को अनैतिक तरीकों से गिराने के भाजपा के कुत्सित प्रयास को सभी ने देखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एकजुट होकर आत्मनिर्भर हिमाचल के निर्माण के लिए कार्यरत है। जन कल्याण की राह में आ रही सभी बाधाओं को हटाने में देरी नहीं की जाएगी। वह 45 वर्षों से भी अधिक समय से राजनीति के माध्यम से प्रदेशवासियों की सेवा कर रहे हैं। मैं एक योद्धा हूं और संघर्ष की भट्टी में तपकर जन सेवा के लिए सदैव तत्पर हूं। इस दौरान चंबा के विधायक नीरज नैयर, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रजनीश किमटा, यशपाल तनाइक, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरिनंद मेहता, वरिष्ठ सहायक महाधिवक्ता आईएन मेहता, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप और पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी, एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा सहित अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
इनसेट
नेरवा में इन परियोजनाओं के किए उद्घाटन और शिलान्यास
नेरवा (चौपाल)। मुख्यमंत्री ने नेरवा में 5.10 करोड़ रुपये की लागत से कनाहल से बजाथल, 5.14 करोड़ रुपये की लागत से सैंज से डाक सराड़, 6.83 करोड़ रुपये की लागत से तराहं से बनाह, 6.89 करोड़ रुपये की लागत से पबास से मशरौंह, 4.01 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ननहार से मलकौत मार्ग वाया कुफ्टू कलून हरिजन बस्ती सड़क और नानू कुठाड़-बासाधार-गियान कोट मार्ग पर 2.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल का लोकार्पण किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने न्योटी छावनी-बावी मार्ग पर न्योटी में शालू खड्ड पर 4.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 60 मीटर लंबे प्रीस्ट्रेस्ड डबललेन पुल का शिलान्यास किया। उन्होंने 30.46 करोड़ रुपये की लागत से खिड़की से चौपाल मार्ग को चौड़ा करने और सुदृढ़ीकरण करने के कार्य की आधारशिला भी रखी। उन्होंने 7.68 करोड़ रुपये की लागत से देहा-कठोरी-पुंडर-घलाना मार्ग के स्तरोन्नयन कार्य का शिलान्यास किया।