मार्ग से हर रोज हजारों लोगों और स्कूलों के विद्यार्थी करते हैं आवाजाही, पानी का छिड़काव करने की उठाई मांग
क्षेत्र के लोगों ने लोक निर्माण विभाग से समस्या से निजात दिलाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर शहर को कुल्लू जिले से जोड़ने वाली चाटी-ब्रौ सड़क का लोक निर्माण विभाग ने टारिंग का कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन इसके कारण यहां उड़ने वाली धूल-मिट्टी से क्षेत्र के हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोगों का कहना है कि पिछले दिनों से बजीर-बावड़ी से लेकर ब्रौ-जगातखाना तक सड़क को चौड़ा करने का कार्य किया गया था, उसी समय टारिंग और मैटलिंग का कार्य किया जाना चाहिए था। अब हालत यह है कि सड़क पर अधिक मात्रा में धूल-मिट्टी होने से वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। इस वजह से मार्ग से हर रोज आवाजाही करने वाले स्कूल के विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारियों के कपड़े खराब हो जाते हैं। वहीं सड़क पर हुए बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। मार्ग से क्षेत्र की ब्रौ, जगाताखाना और चाटी सहित अन्य पंचायतों के हजारों लोगों रामपुर आने जाने के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। लोगों में रोष इस बात का है कि लोक निर्माण विभाग धूल मिट्टी होने के बावजूद नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं कर रहा है। ऐसे में धूल मिट्टी लोगाें के लिए परेशानी का सबब बन गई है। गौर हो कि रामपुर क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। इस वजह से यहां सामान खरीदने, नौकरी और उपचार के लिए ब्रौ, जगाताखाना और चाटी सहित आसपास की पंचायतों के लोग आवाजाही करते हैं। इसके बावजूद विभाग लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशील नहीं है। स्थानीय निवासी ज्योति, शेर सिंह खाची, यमानंद और प्रताप नेगी ने लोक निर्माण विभाग से मांग की कि मार्ग पर दिन में दो बार पानी का छिड़काव करने की व्यवस्था की जाए, जिससे लोगों को मार्ग पर हर रोज उड़ने वाली धूल से परेशानी मिल सकेगी।
कोट्स
इन दिनों सड़क पर टारिंग का कार्य चला हुआ है। ठेकेदार को दिन में दो बार पानी का छिड़काव करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। ज्यादा पानी छोड़ने से टारिंग करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जल्द सड़क को चकाचक की जाएगी।
संजय शर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग निरमंड