जिला स्तरीय मेला 7 से 10 मई तक सजेगा, रात्रि सांस्कृतिक संध्याएं भी होंगी, ट्रैफिक प्लान भी किया तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। जिला स्तरीय आनी मेला 7 से 10 मई तक धूमधाम से मनाया जाएगा। मेले में भाग लेने वाले देवी-देवताओं की नजराना राशि में इस बार 15 फीसदी की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया है। कमेटी की ओर से मेले के आयोजन को लेकर शनिवार को आयोजित बैठक में यह फैसला लिया गया है। आनी की पंचायत समिति हाल में आयोजित बैठक में कमेटी के सदस्यों सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों ने भाग लिया। मेले में 7, 8 और 9 मई को रात्रि सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा जबकि 10 मई को मेले का समापन होगा। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार ने इस दौरान मेले में बेहतर व्यवस्था और आकर्षक बनाने के लिए सुझाव दिए। उन्होंने मेले में स्थानीय व्यापारियों और स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने की अपील भी की। वहीं, एसडीएम आनी नरेश वर्मा ने बैठक में आनी मेला 2023 के आय-व्यय का अनुमोदन, मेला शुभारंभ एवं समापन समारोह के मुख्यतिथि, लक्ष्य निर्धारण एवं लक्ष्य प्राप्ति को लेकर सभी मेला कमेटी सदस्यों से सहयोग और रसीद बुक आवंटन पर सुझाव और दिशा-निर्देश जारी किए। मेले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही वाहनों की आवाजाही निर्बाध रूप से होती रहे, इसको लेकर भी मंथन किया गया। मेले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। मेले में दैनिक व रात्रि कार्यक्रमों, संपूर्ण मेले में अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर भी उन्होंने निर्देश जारी किए। इस मौके पर बीडीओ/सहायक आयुक्त अमनदीप सिंह, पंचायत समिति अध्यक्षा विजय कंवर, मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं प्रधान ग्राम पंचायत आनी लाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बॉक्स
एसडीएम ने सभी लोगों से की मतदान करने की अपील
एसडीएम नरेश वर्मा ने बैठक के दौरान उपस्थित सभी लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने चुनावी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आम जनता को मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं और शारीरिक रूप से अक्षम लोगों को पोस्टल बैलेट से मतदान की सुविधा घरद्वार पर उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके लिए मोबाइल टीम का गठन चुनाव आयोग ने किया है। उन्होंने मेले के आयोजन के दौरान चुनाव आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के लिए मेला कमेटी को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर चुनाव आयोग गंभीरता से निपटेगा।
इनसेट
पूर्व मेला कमेटी ने आय-व्यय का ब्योरा देने में जताई असमर्थता
नगर पंचायत आनी की ओर से आयोजित किए गए आनी मेले के आय-व्यय की जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में रही नगर पंचायत से गत वर्ष के मेले के आय-व्यय का लेखा-जोखा मांगा गया था, लेकिन पूर्व नगर पंचायत आनी के अधिकारियों ने लेखा-जोखा दिए बिना ही मात्र 59,000 की राशि वर्तमान मेला कमेटी को सौंपी है। पूर्व में रही नगर पंचायत आनी के तत्कालीन सचिव और वर्तमान में नगर पंचायत निरमंड के सचिव हरि चंद शर्मा ने बताया कि नगर पंचायत आनी को निरस्त हुए महीनों बीत गए हैं। ऐसे में वहां का सारा रिकॉर्ड और खाते बंद हैं। फलस्वरूप किसी प्रकार का लेखाजोखा देने में वह सक्षम नहीं है।