ननखड़ी तहसील की 18 पंचायतों के ग्रामीणों की बढ़ीं दुश्वारियां
विज्ञापन
वैकल्पिक सड़कों से छोटे वाहनों में आवाजाही कर रहे हजारों ग्रामीण भूस्खलन से बाधित हुई सड़क पांडाधार में नहीं हो पाई बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी(रामपुर बुशहर)। बरसात के बीते एक महीने बाद भी उपमंडल ननखड़ी के लोगों की दुश्वारियां दूर नहीं हो पाई हैं। उपमंडल को जोड़ने वाली मुख्य रामपुर-ननखड़ी सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी है। मुख्य सड़क बंद होने से ननखड़ी की 18 पंचायतों के ग्रामीण परेशानी झेल रहे हैं। ग्रामीणों को वैकल्पिक सड़कों पर छोटे वाहनों में सफर करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान भूस्खलन के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इस कारण लोक निर्माण विभाग को भी यातायात बहाल करना मुश्किल हो गया है। वहीं, पांडाधार में वर्ष 2023 में भी कई महीने तक यातायात व्यवस्था ठप रही थी। इस वर्ष बरसात के मौसम में पहाड़ी से भारी भूस्खलन का सिलसिला चलता रहा। भूस्खलन से मुख्य सड़क के क्षतिग्रस्त होने के कारण अब यातायात को बहाल करने में समय लगेगा। विभाग ने मौके पर मशीन तैनात की है, लेकिन मशीन जैसे ही मलबा हटाती है तो पहाड़ी से फिर भूस्खलन हो जाता है। ऐसे में यातायात बहाली में काफी समय लगने वाला है। मुख्य सड़क बंद होने से ग्रामीणों को रामपुर और ननखड़ी जाने के लिए वाया देलठ रूट, डोई शरण सड़क और वाया करोली-शकरैला सड़क से छोटे वाहनों में आवाजाही करनी पड़ रही है। ननखड़ी के राजेंद्र चौहान, राजेश चंद, संतोष कुमार, विपिन कुमार, मंगत सिंह, सोहन लाल, रूप लाल सहित अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग से इस सड़क को बहाल करने की मांग उठाई है।
पांडाधार-शरण सड़क पर एक एलएनटी और एक जेसीबी मशीन काम कर रही है। सड़क पर डंगा लगाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। लवी मेले से पहले सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा। -राजीव चौहान,सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग ननखड़ी