आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर में फुली ऑटो बायो केमिस्ट्री एनालाइजर का शुभारंभ करते एसजेवीएनएल के अ
क्षेत्र के हजारों लोगों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण जांच की मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर जल विद्युत स्टेशन, बायल ने आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर बुशहर को फुली ऑटो बायो केमिस्ट्री एनालाइजर मशीन दान की। इस अत्याधुनिक मशीन से अस्पताल में मरीजों को जांच की बेहतर, तेज और सटीक सुविधा मिल सकेगी।
मशीन का शुभारंभ परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने विधिवत किया। उन्होंने कहा कि एसजेवीएन समाज के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। यह मशीन मरीजों को समय पर जांच सुविधा उपलब्ध करवाने में सहायक साबित होगी। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इसका विशेष लाभ मिलेगा।
आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर बुशहर में प्रतिवर्ष करीब 40 हजार से 42 हजार बाह्य रोगियों का उपचार किया जाता है। लगभग एक हजार अंतरंग रोगियों को भी चिकित्सा सेवाएं दी जाती हैं। अस्पताल में मरीजों को विभिन्न आवश्यक जांच सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं।
अस्पताल में स्थापित नई मशीन से जांच प्रक्रिया अधिक तेज और सटीक होगी। इससे रामपुर, कुमारसैन और ननखड़ी क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ जिला किन्नौर के निचार तथा जिला कुल्लू के निरमंड और आनी क्षेत्र के मरीज भी लाभान्वित होंगे।
विकास मारवाह ने कहा कि एसजेवीएन भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों में अपना सहयोग जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता से क्षेत्र के लोगों को बेहतर उपचार और जांच सेवाएं मिल सकेंगी।